खजुराहो में एक दीवार पर अन्ना ने लिखा, '23 मार्च को दिल्ली चलो'
खजुराहो में एक दीवार पर अन्ना ने लिखा, ’23 मार्च को दिल्ली चलो’
मध्य प्रदेश के खजुराहो की पहचान मंदिरों की वजह से देश ही नहीं दुनियाभर में है। आने वाले दिनों खजुराहो की पहचान सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के आंदोलन के लिए भी होगी। अन्ना ने रविवार को आंदोलन की तारीख यहां की दीवार पर लिख दी। अन्ना मजबूत लोकपाल विधेयक और किसानों की कर्ज माफी के लिए 23 मार्च से दिल्ली में आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं।
अन्ना, मौजूदा केंद्र सरकार के कामकाज से खुश नहीं हैं। अन्ना का मानना है कि यह सरकार उद्योगपतियों को तो ख्याल रख रही है लेकिन किसान सरकार की नजरों में नहीं हैं। अन्ना ने कहा,’निर्धारित कानून के खिलाफ किसानों से कर्ज पर चक्रवृद्धि ब्याज वसूला जाता है। सरकार यह जानती है, फिर भी इस पर ध्यान नहीं दे रही है। लिहाजा आंदोलन का सहारा लेना पड़ रहा है।’
अन्ना ने 23 मार्च से शुरू होने वाले आंदोलन के बारे दीवार पर लिखा, ’23 मार्च को चलो दिल्ली।’ अन्ना ने दीवार पर नारा लिखने के बाद कहा, ‘यह आंदोलन किसी दल के खिलाफ और किसी के समर्थन में नहीं है, यह जनता के हित में किया जा रहा है।’
Source:Agency