कौन बनेगा नपा अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री की भांजा बहू या सांसद प्रतिनिधि की माता?
24 में से 14 वार्डों पर भाजपा को मिला है बहुमत, पार्षद ही चलेंगे अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर भी रहेगी नजर
✍️ हमारा मेट्रो बड़वानी
नगर पालिका चुनाव संपन्न होने के बाद अब पार्षदों द्वारा अध्यक्ष को चुनाव किया जाएगा। नगर पालिका बड़वानी में अध्यक्ष पद अनुसूचित जनजाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। इसमें शहर के वार्ड क्रमांक 4, 8 और 10 अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित है। वैसे इसमें से वार्ड क्रमांक 4 से भाजपा की गायत्री चौहान, वार्ड 8 से अश्विनी निक्कू सोलंकी और वार्ड 10 से कांग्रेस की अनीता कैलाश विजयी हुई है।
बता दें कि वार्ड क्रमांक 10 में विजयी प्रत्याशी कांग्रेसी हैं। ऐसे में वार्ड क्रमांक 4 व 8 की प्रत्याशियों में किसी एक को अध्यक्ष चुना जाना तय है। वार्ड क्रमांक 4 पर लोकसभा सांसद के प्रतिनिधि सचिन चौहान की माता गायत्री चौहान चुनी गई है। वहीं इस सीट पर गत चुनाव में सचिन स्वयं पार्षद चुने गए थे। ऐसे में उनकी माता के वर्तमान में नगर पालिका अध्यक्ष बनने की प्रबल संभावना है। हालांकि वार्ड क्रमांक 8 से चुनी गई अश्विनी निक्कू चौहान हैं, जो कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल की भांजा बहू है। बरहाल संगठन के निर्देशानुसार भाजपा पार्षद किसे अध्यक्ष के रुप में चुनते हैं, यह बड़ा सवाल है।
🔴 चुनाव संपन्न होने के बाद अब नगर पालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर कैबिनेट मंत्री की भांजा बहू बैठती हैं या लोकसभा सांसद के प्रतिनिधि व पूर्व पार्षद की माता चुनी जाती हैं, इसको लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। उल्लेखनीय हैं कि शहर के 24 वार्डों में भाजपा ने 14 वार्ड पर जीत के साथ बहुमत हासिल किया है।
🔴 क्या विधानसभा में भी कांग्रेस के आड़े आएगी जयस?
उधर अपनों से कुछ वार्डों में बगावत के बाद परिषद गंवाने वाली कांग्रेस में मायूसी की लहर है। वहीं इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे है। इसमें सबसे बड़ी बात है कि कांग्रेस का साथी कहे जाने वाले जयस ने वार्ड क्रमांक में कांग्रेस की जीत में अड़ंगा लगाया है। ऐसे में यह भी चर्चा जमकर हो रही हैं कि अब आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की राह में जयस की भूमिका क्या होगी?
मुख्यमंत्री ने मंत्री का मुंह मीठा कराया
वैसे बड़वानी जिले में नगरीय निकाय चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत पर बड़वानी से भोपाल तक जश्र का माहौल है। इस दौरान भोपाल पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट की। मुख्यमंत्री ने निकायों में मिली बंपर जीत पर कैबिनेट मंत्री को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। इस दौरान उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्री हरदीप सिंह डंग भी मौजूद थे।